अंबिकापुर। सरगुजा जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां एक ही दिन में जारी आदेशों ने कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के बाद तहसील स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से स्थानीय व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तहसीलदारों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार श्री उमेश्वर बाज को अंबिकापुर से मैनपाट, श्रीमती तारा सिदार को मैनपाट से उदयपुर और श्री विकास जिंदल को उदयपुर से अंबिकापुर पदस्थ किया गया है। वहीं श्री अमन चतुर्वेदी को दरिमा से लखनपुर, श्रीमती अंकिता पटेल को लखनपुर से बतौली और सुश्री कमलावती सिंह को बतौली से दरिमा स्थानांतरित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इसी के साथ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्य विभाजन में भी आंशिक संशोधन किया गया है। नए आदेश के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।
श्री रामसिंह ठाकुर को अपर कलेक्टर अंबिकापुर के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए जिला कार्यालय के कार्य सौंपे गए हैं। वहीं अन्य अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और दंडाधिकारी की जिम्मेदारियां भी दी गई हैं।

