खबिर की सूचना पर दो आरोपी पकड़ाए, पूछताछ में खुला सप्लायर का राज; अंबिकापुर के लॉज में दबिश देकर मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार
अंबिकापुर/सरगुजा, 18 अप्रैल 2026।
सरगुजा संभाग में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1704 नग नशीले कैप्सूल और 100 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मुखबिर की सूचना पर टीम ने सीतापुर थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा महेशपुर में दबिश दी। यहां से गौतम बनवासी और जगजीवन प्रजापति के कब्जे से 1704 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए। दोनों आरोपी महेशपुर के ही निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह नशीली दवाएं दरिमा थाना क्षेत्र के बेलखरिखा निवासी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान से खरीदी थीं। उन्होंने बताया कि भोलू खान अंबिकापुर के बस स्टैंड स्थित श्याम लॉज में ठहरकर नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल और टैबलेट की सप्लाई कर रहा है। साथ ही यह भी सामने आया कि भोलू खान एक हत्या के मामले में फरार चल रहा है।
इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सरगुजा आईजी दीपक झा के मार्गदर्शन में टीम ने 18 अप्रैल की सुबह श्याम लॉज में दबिश दी और भोलू खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 50 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 50 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि भोलू खान लंबे समय से पुलिस और आबकारी विभाग की तलाश में था। वह लगातार मोबाइल नंबर बदलकर बचता रहा, लेकिन सटीक सूचना के आधार पर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुद भी हत्या के मामले में फरार होने की बात स्वीकार की है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 22सी और 29 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर टीम के अमित निकुंज, मुख्य आबकारी आरक्षक अशोक सोनी, रमेश दुबे, कुमारूराम, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, महिला सैनिक चंद्रावती और नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
