सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत अब युवाओं को ऐसे-ऐसे कदम उठाने पर मजबूर कर रही है, जो सीधे कानून के शिकंजे में ले आते हैं। ताजा मामला छत्तीसगढ़ के Durg जिले से सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के लिए हद ही पार कर दी।
उतई थाना क्षेत्र में रहने वाले हर्ष साहू उर्फ ‘हुक्का’ ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहचान बनाने के चक्कर में थाने को ही शूटिंग लोकेशन बना लिया। उसने थाना परिसर से बाहर निकलते हुए एक फिल्मी अंदाज में वीडियो बनाया, जिसमें वह रौब झाड़ता नजर आ रहा था।
वीडियो में बैकग्राउंड में ‘आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’ जैसे गाने का इस्तेमाल किया गया, जिससे यह और ज्यादा चर्चा में आ गया। देखते ही देखते यह रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और करीब 47 हजार लोगों ने इसे देख लिया।
लेकिन यह ‘वायरल’ होना ही उसके लिए मुसीबत बन गया। पुलिस ने इस वीडियो को अपनी छवि और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती माना। मामले को गंभीरता से लेते हुए उतई थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया।
सिर्फ इतना ही नहीं, इस वीडियो को शूट करने में उसका साथ देने वाले उसके दोस्त कनक चतुर्वेदी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों के खिलाफ थाना परिसर के दुरुपयोग और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, हर्ष साहू का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसे 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था और वह करीब 17 महीने जेल में भी रह चुका है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की चाहत अब युवाओं को कानून और मर्यादा की सीमाएं लांघने पर मजबूर कर रही है? फिलहाल, इस ‘रील’ ने उसे लाइक्स तो दिलाए, लेकिन अब उसकी असली कहानी जेल की सलाखों के पीछे लिखी जा रही है।