बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के चलते एक प्रधानपाठक सहित दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
सबसे चौंकाने वाला मामला वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गैना का है, जहां प्रधानपाठक आर.एन. कोल हाजिरी लगाकर स्कूल से गायब हो गए। जांच में सामने आया कि वे स्कूल छोड़ने के बाद गांव में शराब पीते हुए घूम रहे थे। इसे पद की गरिमा के खिलाफ गंभीर कदाचार मानते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गैना के सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) खितेश कुमार पटेल 25 और 26 फरवरी को बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला गैना की प्रधानपाठक अनिता पटेल भी बिना अनुमति के स्कूल से गैरहाजिर मिलीं। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य शिक्षकों को भी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की चेतावनी मिल गई है।
