रायगढ़: छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले के Tamnar क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। देखते ही देखते गांव में “बच्चा चोर” की अफवाह फैल गई और लोग डर और गुस्से में युवक को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। भीड़ ने युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला जनपद पंचायत तमनार के Urba ग्राम पंचायत के दर्री पारा का है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 7:30 बजे एक अजनबी युवक गांव में घूमता हुआ दिखाई दिया। गांव में पहले से ही बच्चा चोरी की अफवाहों का माहौल था, इसलिए लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया।
कुछ ही मिनटों में गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया और शक के आधार पर उसे बांधकर पुलिस को सूचना दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पूरी कहानी ही पलट गई। जांच में पता चला कि जिस युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ा गया था, वह दरअसल मानसिक रूप से विक्षिप्त है और गांव में इधर-उधर भटक रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन कानून अपने हाथ में न लें। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ बड़ी अनहोनी भी हो सकती है, इसलिए सभी को सतर्क और संयमित रहने की जरूरत है।
