“चरित्र पर शक… मायके से हिस्सा लाओ” — तानों से टूटी महिला! फांसी के फंदे पर खत्म हुई जिंदगी, पति पर FIR

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि चरित्र पर लगातार शक और मायके की संपत्ति में हिस्सा लाने के दबाव से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मामले में पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना 17 फरवरी 2026 की है। Saraswati Nagar थाना क्षेत्र के कोटा मस्जिद रोड निवासी आयसा खान (34) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को कई अहम तथ्य मिले। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति अमजद खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आयसा खान की शादी साल 2011 में अमजद खान से हुई थी। शादी के बाद से ही पति अक्सर महिला के चरित्र पर शक करता था और उसे मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने के लिए दबाव बनाता था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।