रातों-रात चल रहा था ‘काला कबाड़ का खेल’! पुलिस की घेराबंदी में फंसे 6 ट्रक, 1.15 करोड़ की संपत्ति जब्त

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के Raigarh में अवैध कबाड़ के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने एक ही दिन में कई जगह दबिश देकर करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में स्क्रैप से लोड 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन भी पकड़े गए हैं।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में की गई। पुलिस के मुताबिक चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे।

134 टन स्क्रैप के साथ पकड़े गए वाहन

Poonjipathra थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी कर 6 ट्रकों और 1 माजदा वाहन को पकड़ा, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित करीब 134 टन स्क्रैप लोड था। जब वाहन चालकों से स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने संदेह के आधार पर कबाड़ सहित सभी वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए स्क्रैप की कीमत लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

मिनी राइस मिल में भी पुलिस की रेड

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में भी छापा मारा। यहां आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी को मौके पर पाया गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह ट्रक चालकों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट लोहे की गोली खरीदता है।

मौके से पुलिस ने 43 बोरियां मैग्नीज मेटल (करीब 1290 किलो) और 57 बोरियां पाईलेट लोहे की गोली (करीब 2 टन 280 किलो) जब्त कीं। इनकी कीमत करीब 76 हजार 560 रुपये आंकी गई है। आरोपी किसी भी तरह के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने सामग्री जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।

कई राज्यों के चालक भी शामिल

जांच में सामने आया है कि पकड़े गए वाहन चालक ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं और स्क्रैप को स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।