पत्थर फैक्ट्री के अंदर चल रहा था ‘तेल का काला खेल’! छापा पड़ा तो निकले हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल, 6 आरोपी धराए

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के Mahasamund जिले में पुलिस ने एक बड़े अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार का भंडाफोड़ किया है। Ghodari गांव स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री में छापेमारी कर पुलिस ने 47,700 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 22 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना महासमुंद और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री का संचालन फर्सी पत्थर उद्योग के नाम पर किया जा रहा था, लेकिन असल में यहां बड़े पैमाने पर पेट्रोल और डीजल की अवैध हेराफेरी और भंडारण किया जा रहा था।

ड्रम और टैंकरों में भरा मिला ईंधन

छापेमारी के दौरान पुलिस को फैक्ट्री परिसर में 20 बड़े ड्रम और सिनटेक्स टैंक में बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरा मिला। मौके से 10,120 लीटर पेट्रोल और 37,580 लीटर डीजल बरामद किया गया। साथ ही तीन टैंकर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि मंदिर हसौद क्षेत्र की गैस कंपनी से आने वाले टैंकरों में मौजूद ईंधन को फैक्ट्री में लाकर अवैध रूप से स्टोर किया जाता था

ऐसे चलता था पूरा खेल

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सड़क पर चलने वाले ट्रक ड्राइवरों से कम कीमत पर पेट्रोल-डीजल खरीदते थे और फिर अन्य ड्राइवरों को ज्यादा कीमत में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल यादव, ओमप्रकाश उर्फ कालिया, उमेश साहू, सुशंक च्वाईसी, शिवानंद और बिट्टु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ Essential Commodities Act और Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 287 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल, शराब और चोरी-नकबजनी जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।