रायगढ़। जिले में अवैध रेत परिवहन पर आखिरकार बड़ा प्रहार हुआ है। खनिज विभाग रायगढ़ ने विशेष अभियान चलाते हुए एक सप्ताह के भीतर 27 वाहनों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया में हड़कंप मच गया है और कई इलाकों में खलबली का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, विभाग को लंबे समय से अवैध खनन और रेत तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि कुछ क्षेत्रों में खुलेआम रेत का परिवहन किया जा रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अचानक जांच अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान कोतरा रोड, भूपदेवपुर और पुसौर क्षेत्र में दबिश दी गई। अचानक हुई जांच से कई ट्रैक्टर चालक मौके पर ही पकड़े गए। जब्त किए गए वाहनों में 20 रेत से भरे ट्रैक्टर, 2 रेत से भरे हाईवा, 3 मिट्टी और मुरूम से भरे ट्रैक्टर और 2 चूनापत्थर से भरे हाईवा शामिल हैं।
सभी 27 वाहनों को कलेक्टोरेट परिसर के साथ-साथ कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है। इन जब्त गाड़ियों की लंबी कतारें अब कार्रवाई की गंभीरता बयां कर रही हैं।
विभाग ने संबंधित परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान-खनिज (विकास-विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अभियान अभी जारी है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
