रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने देर शाम एक अहम प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए राज्य के कई आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बड़ा बदलाव कर दिया है। कुछ अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, तो वहीं एक कलेक्टर को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। इस फेरबदल के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
सबसे बड़ी चर्चा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को लेकर है। यहां पदस्थ कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव कर दिया गया है। उनके स्थान पर नए कलेक्टर की नियुक्ति भी कर दी गई है।
किसे मिला कौन सा पद?
-
डॉ. सीआर प्रसन्ना (भाप्रसे 2006) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
-
कुलदीप शर्मा (भाप्रसे 2014) को रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं एवं प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पद से हटाकर कलेक्टर, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बनाया गया है।
-
तीर्थराज अग्रवाल को उप सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में पदस्थ करते हुए उप सचिव, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
-
लीना कोसम को परीक्षा नियंत्रक, लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर नियुक्त किया गया है। यह पद उनके कार्यभार ग्रहण करते ही वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित होगा।
-
सौमिल रंजन चौबे उप सचिव, कृषि विभाग, मंत्रालय, नवा रायपुर के पद पर यथावत रहेंगे।
-
वीरेंद्र बहादुर पंचभाई अपर कलेक्टर, नारायणपुर के पद पर बने रहेंगे।
-
सुमित अग्रवाल आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग के पद पर यथावत रहेंगे।
-
संदीप कुमार अग्रवाल मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, बिलासपुर के पद पर बने रहेंगे।
-
आशीष कुमार टिकारिहा को प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन नियुक्त किया गया है। यह पद भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष रहेगा।
-
ऋषभ कुमार पाराशर उप सचिव, वित्त विभाग के पद पर यथावत रहेंगे।
-
तरुण कुमार किरण, जो वर्तमान में राज्य कर उपायुक्त, नवा रायपुर में पदस्थ हैं, को अस्थायी रूप से विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय, कोरबा में पदस्थ किया गया है। यह पद भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
क्यों अहम है यह फेरबदल?
इस प्रशासनिक बदलाव को आगामी नीतिगत फैसलों और जिला स्तर पर प्रशासनिक कसावट से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर बलौदाबाजार में कलेक्टर स्तर पर बदलाव ने कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है।

