इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता हॉस्टल के कमरे में खून से खत्म, हत्या के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्यार और भरोसे का रिश्ता पलभर में खूनी अंजाम तक पहुंच गया। प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद एक युवती ने अपने ही प्रेमी को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
हॉस्टल के कमरे में मचा खूनी तांडव
यह सनसनीखेज घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार की है। मृतक की पहचान कामता उर्फ भोला मधुकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रतनपुर के कर्रा गांव का निवासी था। वह शुभम विहार स्थित एक हॉस्टल में किराए से रहकर उस्लापुर के एक होटल में काम करता था।
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार… और अंत खून में
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी, सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
कुछ दिनों पहले दोनों के बीच विवाद हुआ और दो-तीन दिन पहले कामता ने रोशनी का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया—यही बात उसकी नाराज़गी की सबसे बड़ी वजह बन गई।
नंबर ब्लॉक हुआ… गुस्सा भड़का… चाकू चला
नंबर ब्लॉक होने से आग-बबूला हुई युवती मंगलवार सुबह चाकू लेकर सीधे प्रेमी के हॉस्टल पहुंच गई। कमरे के अंदर दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई और इसी दौरान गुस्से में आकर युवती ने कामता के सीने पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से कामता की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खून साफ करने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी युवती ने कमरे में फैले खून को साफ करने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। लेकिन वारदात ज्यादा देर छिप न सकी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
एक सवाल अब भी खड़ा है—क्या मोबाइल नंबर ब्लॉक करना इतना बड़ा गुनाह बन सकता है कि उसकी सजा मौत हो?
बिलासपुर की यह घटना प्यार के नाम पर बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल छोड़ गई है।
