खैरागढ़: ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के हरडुवा जलाशय बांध में मिली एक युवती की अज्ञात लाश ने पूरे इलाके को दहला दिया था, लेकिन इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए महज छह घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रेम, इनकार और गुस्से की खौफनाक परिणति थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक युवती का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई।
जलाशय में मिली अहम सुराग
पुलिस ने जलाशय और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान जलाशय से कुछ दूरी पर एक कैरी बैग बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल से जुड़े दस्तावेज मिले। दस्तावेजों के आधार पर मृतिका की पहचान भिलाई के सुपेला रामनगर निवासी 21 वर्षीय रूपा साहू के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
शव का पंचनामा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमका भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने बताया कि मृतिका के सिर पर हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट से कई गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई थी। इससे साफ हो गया कि यह मामला दुर्घटना नहीं बल्कि निर्मम हत्या का है।
प्यार, दबाव और फिर बेरहमी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था। आरोपी युवती पर शादी का लगातार दबाव बना रहा था, जबकि युवती ने इससे साफ इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने युवती के सिर पर किसी कठोर वस्तु से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव को हरडुवा जलाशय में फेंक दिया।
छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और घटनाक्रम के समय आरोपी की गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
