प्रेस की आड़ में मध्यप्रदेश से GOA शराब की तस्करी, आबकारी की दबिश से मचा हड़कंप
अंबिकापुर।जिले में शराब तस्करी का चौंकाने वाला और खतरनाक तरीका सामने आया है। एक ब्लैक इनोवा कार पर ‘PRESS’ लिखकर खुलेआम शराब की सप्लाई की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। आबकारी विभाग ने 15 पेटी अवैध शराब के साथ एक तस्कर को दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
प्रेस लिखी गाड़ी देख कोई नहीं करता था शक
जानकारी के मुताबिक, आबकारी इंस्पेक्टर अनिल गुप्ता की टीम को सूचना मिली थी कि दरिमा नवानगर क्षेत्र के ग्राम अडची में एक इनोवा कार से अवैध शराब लाई जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर जब कार को रोका तो बाहर से वह प्रेस की गाड़ी लग रही थी, लेकिन अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
15 पेटी ‘GOA’ शराब बरामद
तलाशी के दौरान कार से मध्यप्रदेश में निर्मित ‘GOA’ ब्रांड की 15 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब के साथ लग्जरी इनोवा कार भी जब्त कर ली गई है।
सरकारी दुकान से निकला, तस्करी में कूदा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लड्डू सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले सरकारी शराब दुकान में काम करता था, लेकिन हटाए जाने के बाद अवैध शराब तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जांच जारी, और भी नाम आ सकते हैं सामने
आबकारी विभाग को शक है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।
