रायपुर: छत्तीसगढ़ के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों के लिए आज का दिन राहत भरी खबर लेकर आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में एक बड़ा और अहम ऐलान करते हुए महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान भत्ता दिया जाएगा। इसके तहत महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है।
इस फैसले को बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। लंबे समय से कर्मचारी संगठन डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिस पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है।
सरकार के इस निर्णय से कर्मचारियों की मासिक आय में सीधा इजाफा होगा और यह साफ संदेश भी गया है कि नई सरकार कर्मचारी हितों को प्राथमिकता दे रही है।
रामनगरी चंद्रखुरी में होगा बड़ा बदलाव, तैयार हुई प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा
भगवान श्रीराम के ननिहाल चंद्रखुरी से जुड़ी एक बड़ी धार्मिक खबर सामने आई है। कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापित की जाने वाली प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा पूरी तरह तैयार हो चुकी है और 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के बाद इसे चंद्रखुरी लाया जाएगा।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिमा का निर्माण पूरा हो चुका है और मूर्तिकार को पूरा भुगतान भी कर दिया गया है। प्रतिमा रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इसकी स्थापना की जाएगी।
दरअसल, कांग्रेस शासनकाल में स्थापित की गई पुरानी विशालकाय प्रतिमा को लेकर मुख और अनुपात पर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद नई प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया।
नई प्रतिमा का निर्माण मध्यप्रदेश के ग्वालियर के प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने किया है। भुगतान अटकने के कारण काम कुछ समय के लिए रुका था, लेकिन अब सभी अड़चनें दूर हो चुकी हैं।
अब रामनगरी चंद्रखुरी में जल्द ही नए स्वरूप में प्रभु श्रीराम के दर्शन भक्तों को मिलने वाले हैं, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
