जम्मू: अखनूर सेक्टर के खराह गांव में शनिवार को एक संदिग्ध कबूतर पकड़ने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि यह हल्के स्लेटी रंग का कबूतर था, जिसके पंखों पर दो-दो काली धारियां थीं।
कबूतर के पैरों में लाल और पीले रंग के छल्ले लगे हुए थे, जिन पर ‘रहमत सरकार’ और ‘रिज़वान 2025’ लिखा था, साथ में कुछ अंक भी अंकित थे। इसे गांव का 13 वर्षीय लड़का आर्यन ने पकड़ा। एलओसी के पास होने के कारण यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए सतर्कता का विषय बन गया।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि कबूतर के पंखों पर भी मुहर लगी हुई थी। इसे जांच के लिए पल्लनवाला पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से अक्सर संदेश भेजने या जासूसी के लिए प्रशिक्षित पक्षियों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। वहीं, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कबूतरबाजी एक लोकप्रिय शौक है, जहां कबूतरों की पहचान के लिए उनके पैरों में छल्ले और पंखों पर मुहर लगाई जाती है।
