Jharkhand में आधी रात का रहस्य, कुएं से मिली मासूम की लाश

गुमला (झारखंड): झारखंड के गुमला जिले से एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां 2 साल के मासूम बच्चे का शव कुएं में तैरता हुआ मिला, जबकि बच्चे को साथ लेकर निकली उसकी मां रहस्यमय तरीके से लापता है। इस घटना के सामने आने के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

यह मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के छीछवानी गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव की एक महिला बीती रात करीब 2 बजे अपने दो साल के बेटे को लेकर घर से निकली थी। इसके बाद से न तो मां का पता चला और न ही मासूम का। जब सुबह तक दोनों नहीं मिले तो परिजनों ने तलाश शुरू की।

कुएं में तैरती दिखी मासूम की लाश

तलाश के दौरान शुक्रवार को गांव के एक कुएं में बच्चे का शव पानी में तैरता हुआ दिखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

परिजनों ने कुएं से मिले शव की पहचान लापता बच्चे के रूप में की, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि मां कहां है?

प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि महिला का किसी युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते महिला ने आधी रात मासूम बच्चे को कुएं में फेंक दिया और खुद फरार हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मां की तलाश में जुटी हुई है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।