बिलासपुर: जिले में एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही ने दो जिंदगियों को निगल लिया। गुरुवार देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक पर ऐसा खौफनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने देखने वालों को दहला दिया। शराब पार्टी के बाद घूमने निकले चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर जा पहुंची और सामने से आ रहे मुरुम लोड हाइवा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और युवक-युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर
इस दर्दनाक हादसे का लाइव CCTV फुटेज अब सामने आ चुका है, जिसमें तेज रफ्तार कार के फिसलते ही कुछ सेकेंड में सब कुछ खत्म होता नजर आ रहा है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अचानक ब्रेक लगते ही कार का पिछला पहिया फिसला और वाहन नियंत्रण से बाहर होकर सीधे हाइवा से जा भिड़ा।
शराब पार्टी के बाद निकले थे घूमने
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर जिले के रहने वाले चार दोस्त टाटा नेक्सॉन कार में सवार थे। सभी ने पहले शराब पार्टी की थी और उसके बाद शहर में घूमने निकले थे। नूतन चौक के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार पर चालक का नियंत्रण टूट गया।
मृतकों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
-
हिमांशु राठौर
-
अंशु चंद्रा
के रूप में हुई है। हादसे में कार सवार अन्य दो युवक भी घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिर उठा सवाल: कब थमेगा रफ्तार का कहर?
लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे एक बार फिर शराब पीकर ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। कुछ पलों की मस्ती ने दो परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।
