रायपुर: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब कारोबारी और छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया को झारखंड एसीबी टीम ने गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम (ACB) के तहत जांच जारी थी।
एसीबी ने नवीन केडिया के खिलाफ पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा से रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रांची लाने के बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी, जिससे शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क और लेनदेन के अहम खुलासे होने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले में भी नवीन केडिया का नाम शामिल है। आरोप है कि उन्होंने सिंडिकेट को शराब सप्लाई की और इसके बदले में 243.72 करोड़ रुपए का कमीशन लिया।
कारोबारी नवीन केडिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन एसीबी ने उसे पहले ही पकड़ लिया। जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा है।
पुलिस और एसीबी टीम मामले की व्यापक जांच कर रही है और जल्द ही घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं को उजागर करने की तैयारी में है।
