कोरबा में अलाव हादसा, महिला और युवक झुलसे

कोरबा: कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती में मंगलवार को अलाव तापते समय हादसा हो गया। 38 वर्षीय रूबी देवी के कपड़ों में अचानक आग लग गई, जिसे बचाने के प्रयास में जगदीश कुमार भी झुलस गया।

जानकारी के अनुसार, रूबी देवी अपने घर के पास अन्य लोगों के साथ अलाव ताप रही थीं और इसी दौरान फूलबाई नामक महिला से बातचीत कर रही थीं। अचानक पीछे हटते समय उनके कपड़ों में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कंबल और पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।

महिला को बचाने के दौरान मदद करने आए जगदीश कुमार के हाथ भी जल गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया।

रूबी देवी के पति लक्ष्मण कुमार ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे और सूचना पाकर तुरंत अस्पताल पहुंचे।