बिलासपुर: बिलासपुर वन मंडल की उड़नदस्ता टीम ने शहर के आरा मिलों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान गुरु नानक सॉ मिल को सील कर दिया गया और यहां से प्रतिबंधित टर्मिलेनिया (अर्जुन) पेड़ के गोले और चिरान जब्त किए गए।
वन विभाग के अनुसार, टीम ने सॉ मिल के स्टाफ से जब्त लकड़ी के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके आधार पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से वन विभाग को आरा मिल में अवैध लकड़ी की खरीद-बिक्री और चिरान व सिलपट बनाने की शिकायतें मिल रही थीं। रेंज अफसर शुभम मिश्रा के निर्देश पर उड़नदस्ता दल ने शहर के सभी आरा मिलों की औचक जांच की।
शनिचरी बाजार स्थित गुरु नानक सॉ मिल में दबिश के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित टर्मिलेनिया चिरान और गोला बरामद हुआ। वन विभाग ने बताया कि जांच पूरी होने तक सॉ मिल को सील रखा जाएगा और भविष्य में अन्य आरा मिलों की भी जांच जारी रहेगी।
यह कार्रवाई वन संरक्षण और अवैध लकड़ी तस्करी रोकने के लिए उठाए गए कदमों का हिस्सा है।
