भिलाई में नहर में मिला व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप

दुर्ग/भिलाई: भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित छोटी पुलिया के पास मंगलवार सुबह नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में औंधे मुंह पड़े युवक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। घटनास्थल की जानकारी फैलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए और स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (44 वर्ष) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।