रायपुर: राजधानी रायपुर की रेंज साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और दूसरा छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है। इनके बैंक खातों का जाल इतना बड़ा है कि देश के 18 से अधिक थानों में इनके खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सतीश शर्मा (रायपुर) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात ठगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 44 लाख रुपये की ठगी की। शिकायत पर साइबर थाना में मामला दर्ज कर आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
जांच में रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल की। इस दौरान म्यूल बैंक अकाउंट्स (किराए के खाते) का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपी कंवलजीत सिंह विग और उज्जवल जायसवाल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इन खातों का संचालन कर रहे थे और प्रार्थी की रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर करवाई गई।
गिरफ्तार आरोपी:
-
कंवलजीत सिंह विग (38 वर्ष) – डोंगर परासिया, जिला छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश।
-
उज्जवल जायसवाल (19 वर्ष) – भिलाई, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।
साइबर पोर्टल और पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के 18 से अधिक राज्यों में रिपोर्ट दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
