ई-मेल मिलने से मचा हड़कंप, छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया; साइबर जांच तेज
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीण इलाकों के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला और जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, द सीनियर स्टडी स्कूल, द जूनियर स्टडी स्कूल और स्प्रिंट डेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कुछ निजी स्कूलों को सुबह के समय धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। उस वक्त स्कूल सामान्य रूप से संचालित हो रहे थे और छात्र कक्षाओं में मौजूद थे। जैसे ही खबर फैली, चिंतित अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूलों की ओर दौड़ पड़े।
स्कूल परिसरों में सघन तलाशी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रशासन और पुलिस टीमों ने सभी संबंधित स्कूल परिसरों में एंटी-सैबोटाज जांच अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने नागरिकों से घबराने की बजाय शांति बनाए रखने की अपील की है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया,
“शहर और ग्रामीण इलाकों के कुछ स्कूलों को संदिग्ध ई-मेल मिला है। हर स्कूल में एक राजपत्रित अधिकारी तैनात किया गया है और एंटी-सैबोटाज चेकिंग जारी है। साइबर पुलिस स्टेशन मेल के सोर्स का पता लगाने में युद्धस्तर पर काम कर रहा है।”
पहले भी सामने आ चुकी हैं शरारतें
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इस तरह की धमकियों के मामलों में कुछ छात्र शरारत के लिए जिम्मेदार पाए गए थे। हाल ही में एक डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र को धमकी भरा ई-मेल भेजने के आरोप में हिरासत में लिया गया था, जिसे माफीनामा देने के बाद छोड़ दिया गया।
सांसद औजला ने जताई चिंता
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने स्कूलों को मिली धमकियों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा,
“बच्चों को निशाना बनाना कायरतापूर्ण और अक्षम्य अपराध है। उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने अमृतसर पुलिस कमिश्नर से संपर्क कर स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और त्वरित जांच की मांग की।
औजला ने पंजाब सरकार से भी दोषियों की पहचान और सख्त कार्रवाई के लिए केंद्र और केंद्रीय जांच एजेंसियों से सहयोग लेने की अपील की। उन्होंने गोल्डन टेंपल को पहले मिली धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं एक पैटर्न की ओर इशारा करती हैं, जिन पर सख्त और समन्वित कार्रवाई जरूरी है।
फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
