रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात इंडिगो एयरलाइंस के विमान की हार्ड लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के समय विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया। इस फ्लाइट में 56 यात्री सवार थे, जिनमें से कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-7361 भुवनेश्वर से रांची आ रही थी। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए हार्ड लैंडिंग कराई। विमान ने शाम 7:55 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी और इसे 8:30 बजे रांची पहुंचना था। हादसे की जानकारी शनिवार सुबह सामने आई।
तेज झटके से घबराए यात्री, विमान ग्राउंडेड
लैंडिंग के दौरान अचानक तेज झटका लगने से विमान में चीख-पुकार मच गई। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को नियंत्रित किया और सुरक्षित रूप से एप्रन तक ले जाया गया। शुरुआती जांच में इंजीनियरों ने विमान को उड़ान के लिए असुरक्षित बताया, जिसके बाद रांची एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया।
अगली उड़ान रद्द, यात्रियों ने जताई नाराजगी
हादसे का असर रांची से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की अगली फ्लाइट पर भी पड़ा, जिसे रद्द कर दिया गया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें कई घंटों तक एयरपोर्ट पर इंतजार कराया गया और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पहले विमान को रात 9:40 बजे ग्राउंडेड बताया गया, बाद में एयरलाइंस ने 6–7 घंटे बाद वैकल्पिक विमान की बात कही, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी।
इसके बाद इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए होटल और भोजन की व्यवस्था की। रांची से भुवनेश्वर जाने वाले 77 यात्रियों को रात में ही ठहराया गया।
फिलहाल, विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है।
