गरियाबंद: छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर स्थित सोनाबेड़ा क्षेत्र के आश्रित ढेकूनपानी सीआरपीएफ कैंप से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंप में तैनात एक जवान ने अपनी AK-47 राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक जवान की पहचान गोपीनाथ सबर के रूप में हुई है, जो ओडिशा के खरियार क्षेत्र अंतर्गत खरधरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोमना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
घटना के बाद कैंप में शोक का माहौल है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच में जुटी हुई हैं।