उरला पुलिस ने अवैध 1.390 किलो गांजा किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर: रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी के बीच उरला पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने 1.390 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) लखन पाटले के निर्देशन और सीएसपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना उरला की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना पर पुलिस ने बीराई तालाब, अछोली के पास संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी की।
संदिग्ध दिखा 50 वर्षीय व्यक्ति… तलाशी में मिला गांजा
पुलिस ने मौके पर मौजूद हेमराज राव (50 वर्ष, निवासी बीराई तालाब अछोली) को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.390 किलो अवैध गांजा मिला, जिसे आरोपी छुपाकर रखे हुए था। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
मामला NDPS Act की धारा 20 (बी) के तहत दर्ज कर लिया गया है।
कौन-कौन शामिल? पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी गांजा कहाँ से लाया था और इस अवैध नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में मिली सूचना एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है, जिसकी तह तक पहुंचने टीम तेजी से काम कर रही है।
मुखबिर की सूचना से खुला नशे का जाल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में मुखबिर की सूचना ने अहम भूमिका निभाई। लगातार बढ़ाई जा रही गश्त और सतर्कता के कारण ही पुलिस नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने में सफल हो रही है।
पुलिस का सख्त संदेश – नशा तस्करों के लिए अब कोई जगह नहीं
पुलिस ने साफ कर दिया है कि रायपुर में नशे का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उरला थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी, छापेमारी और संदिग्ध इलाकों में कड़ी चौकसी जारी है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।
