अंबिकापुर: अंबिकापुर में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव पुराने बस स्टैंड के पास पाया गया। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि व्यक्ति भीख मांगकर गुजर-बसर करता था और उसके पास पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं थे।
मंगलवार को शाम को लोग उसे खुले में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के दो-तीन पॉकेट में अगले दो दिनों तक कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
सात शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे गया और ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
