बस्तर ओलंपिक का आज होगा शुभारंभ: CM विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन, 13 दिसंबर को अमित शाह करेंगे समापन

 7 जिलों के सैकड़ों खिलाड़ी शामिल, सरेंडर नक्सलियों और पीड़ित परिवारों की ‘नुआ बाट’ टीम भी मैदान में

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में खेलों का महाकुंभ बस्तर ओलंपिक आज से शुरू हो रहा है। 11 से 13 दिसंबर तक जगदलपुर में आयोजित होने वाले इस संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। समापन समारोह 13 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों होगा, जो विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी करेंगे।

7 जिलों के खिलाड़ी और विशेष ‘नुआ बाट’ टीम शामिल

इस आयोजन में बस्तर संभाग के कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर और कोंडागांव सहित कुल 7 जिलों के सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इस बार बस्तर ओलंपिक की खास बात यह है कि
सरेंडर नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।

इनके लिए एक अलग 8वीं टीम बनाई गई है, जिसका नाम ‘नुआ बाट’ रखा गया है।

इस बार खिलाड़ियों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी

बस्तर के IG सुंदरराज पी ने बताया कि पिछले वर्ष खिलाड़ियों की संख्या लगभग 350 थी,
लेकिन इस बार 761 से भी अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘नुआ बाट’ टीम के शामिल होने से उनके मनोबल में बड़ी बढ़ोतरी होगी और यह कदम बस्तर क्षेत्र में सकारात्मक सामाजिक बदलाव की ओर महत्वपूर्ण कदम है।