IMD ने कई राज्यों में घने कोहरे, तापमान गिरावट और वर्षा-बर्फबारी की चेतावनी दी
नई दिल्ली: दिसंबर की शुरुआत के साथ ही देश के अधिकांश राज्यों में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में शीतलहर, घने कोहरे और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इससे उत्तर से लेकर पूर्व और मध्य भारत तक ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।
कई राज्यों में जारी शीतलहर का अलर्ट
IMD के अनुसार, मध्य भारत और उससे सटे पूर्वी इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 12 दिसंबर तक शीतलहर और तेज़ ठंड बढ़ सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी यूपी, असम और मणिपुर में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरा बढ़ने से विजिबिलिटी में भारी कमी देखी जा सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
13 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे उत्तर भारत और मैदानी इलाकों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का इंतजार
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है, जिसके कारण ठंड और पाला बढ़ गया है। 13 दिसंबर के बाद यहां बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।
दिल्ली में सर्द हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन
दिल्ली-एनसीआर में पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाएं ठंड को और तेज करेंगी। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6°C तक गिर सकता है। हल्की धुंध और कोहरा भी सुबह के समय देखने को मिलेगा।
पूर्वी यूपी में शीतलहर का प्रकोप
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर ने ठंड को अचानक बढ़ा दिया है। तराई क्षेत्रों में घना कोहरा और बेहद ठिठुरन महसूस की जा रही है।
बिहार में तापमान में भारी गिरावट
बिहार में पछुआ हवा चलने से ठंड में तेज़ इजाफा हुआ है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले 48 घंटों तक पछुआ हवा और तेजी से चलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत के 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
