रायपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी ने पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जलाया

 70% झुलसे पति की अस्पताल में मौत, 22 साल से चल रहा था वैवाहिक विवाद

रायपुर: डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक भयावह घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने अपने पति को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे पति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 8 दिसंबर की रात की है। जानकारी के अनुसार, अरुण पटवा (45) भतीजी की शादी से देर रात घर लौटा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, अरुण सोने चला गया था तभी उसकी पत्नी ने गुस्से में उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से भाग गई।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अरुण 70% जल चुका था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि अरुण और उसकी पत्नी की शादी को 22 साल हो चुके थे, लेकिन दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। दंपत्ति कई वर्षों से अलग रह रहे थे और पूर्व में भी विवादों के मामले थाने पहुंच चुके थे। मृतक के परिवार का आरोप है कि पत्नी कई बार आत्महत्या का दबाव बनाकर परिवार को परेशान करती थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।