सब-इंजीनियर युवती से दुष्कर्म के मामले में सहायक पोस्ट मास्टर गिरफ्तार

जशपुर: सब-इंजीनियर के पद पर कार्यरत 35 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सहायक पोस्ट मास्टर सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला तुमला थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

शादी का झांसा देकर महीनों तक शोषण

पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से वर्ष 2024 में हुई थी। 14 जनवरी को जब वह छुट्टी पर अपने गृहग्राम आई थी, तो आरोपी ने उसे किराए के घर बुलाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, हर बार छुट्टी पर आने पर आरोपी शादी का वादा दोहराता और शारीरिक शोषण करता रहा।

नौकरी छोड़ने का दबाव, फिर किया इनकार

पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने उसे अपनी नौकरी छोड़ने को कहा।
पीड़िता ने आरोपी की बात मानते हुए नौकरी छोड़ दी, लेकिन इसके बाद आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और उसके साथ गाली-गलौज भी की।

आरोपी ने पूछताछ में माना अपराध

महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।