डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में होंगे पीएम मोदी, आज रात रायपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, कल व परसो छह सत्रों में लेंगे हिस्सा

रायपुर। नवा रायपुर स्थित आईआईएम में आयोजित डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात रायपुर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री स्पीकर निवास में रात्रि विश्राम करेंगे और कल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सत्रों में शामिल होंगे।

तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस, कुल 8 सत्र

आईआईएम में 3 दिवसीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है, जिसमें कुल 8 सत्र रखे गए हैं।

  • पहले दिन – 2 सत्र

  • दूसरे दिन – 4 सत्र

  • तीसरे दिन – 2 सत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल और परसो होने वाले छह सत्रों में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उनके साथ रहेंगे। मौजूदा राष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यह आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर मंथन

यह वार्षिक सम्मेलन देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को एक मंच देता है, जहां—

  • आंतरिक सुरक्षा

  • अपराध नियंत्रण

  • कानून-व्यवस्था

  • आधुनिक पुलिसिंग

  • अवसंरचना और कल्याण संबंधी चुनौतियों

जैसे प्रमुख मुद्दों पर खुलकर चर्चा की जाती है। यह सम्मेलन पेशेवर अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने का अवसर भी प्रदान करता है।

2014 से सम्मेलन में निरंतर सुधार

प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2014 से इस सम्मेलन के स्वरूप और पैमाने में सुधार होते आए हैं। इसे देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले यह सम्मेलन—
गुवाहाटी (असम), कच्छ का रण (गुजरात), हैदराबाद (तेलंगाना), टेकनपुर (मध्य प्रदेश), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (गुजरात), पुणे (महाराष्ट्र), लखनऊ (यूपी), नई दिल्ली, जयपुर (राजस्थान) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित किया जा चुका है।

इस बार छत्तीसगढ़ में सम्मेलन का आयोजन पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।