1 जनवरी 2026 को बड़े-बड़े नक्सली डालेंगे हथियार
एमएमसी जोन के माओवादी एक साथ करेंगे आत्मसमर्पण, प्रवक्ता अनंत ने दिए संकेत
रायपुर। देश में नए साल की शुरुआत नक्सल मोर्चे पर बड़ी घटना की गवाह बन सकती है। 1 जनवरी 2026 को एमएमसी—महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़—जोन के कई बड़े माओवादी एक साथ हथियार डाल सकते हैं। यह आत्मसमर्पण लंबे समय से चल रही माओवादी गतिविधियों में बड़ी गिरावट का संकेत माना जा रहा है।
इसकी सूचना खुद एमएमसी प्रवक्ता और वरिष्ठ माओवादी नेता अनंत की तरफ से मिली है। उन्होंने हाल ही में दो पन्नों का प्रेस नोट जारी कर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई थी और पुलिस से 15 फरवरी तक एनकाउंटर रोकने की अपील की थी।
अनंत ने अपने अधीन माओवादियों से कहा है कि वे अलग-अलग की बजाय एक साथ समर्पण करें, ताकि प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। इसके लिए उन्होंने संपर्क हेतु मोबाइल नंबर भी जारी किया है। प्रवक्ता का यह भी कहना है कि जिस राज्य की सरकार उन्हें ज्यादा महत्व और सुरक्षा देगी, वे उसी राज्य के सामने हथियार डालेंगे।
यदि यह आत्मसमर्पण होता है तो यह माओवादी मोर्चे पर सबसे बड़े संयुक्त सरेंडर में से एक माना जाएगा।
