मुंगेली: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन में मुंगेली जिले ने एक बार फिर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के तहत 26 बीएलओ और अभिहित अधिकारियों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने मनियारी सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने टीमों की मेहनत की सराहना की
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की रीढ़ है और डिजिटाइजेशन से सूची की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि टीमों की मेहनत और रणनीति के कारण ही जिले ने यह शीर्ष स्थान हासिल किया।
सम्मान समारोह में बीएलओ ने अपने क्षेत्रीय अनुभव साझा किए।
-
राजपुर की लक्ष्मी चौबे ने बताया कि स्थानीय स्टाफ और पंचायत सचिव के सहयोग से लक्ष्य आसानी से पूरा हुआ।
-
नवागांव जैत के बीएलओ ने कहा कि अलग-अलग वार्डों में नियमित कैंप लगाए गए और फोटो संबंधी त्रुटियों को मौके पर ही अपडेट किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों ने शहरी निकायों को छोड़ा पीछे
मुंगेली जिले की सबसे खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्र की टीमों ने नगरीय निकायों को पीछे छोड़ते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिले के सभी नगरीय निकायों में से जरहागांव नगर पंचायत शीर्ष पर रही, जहाँ तेजी से कार्य पूरा किया गया।
कलेक्टर ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने स्थायी निवास के अनुसार ही नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा—
“इस प्रक्रिया का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे मत, और कोई भी अपात्र मतदाता जुड़े मत।”
नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा
SIR अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कलेक्टर स्वयं कर रहे हैं। नियमित समीक्षा बैठकें, फील्ड निरीक्षण और राजनीतिक दलों व जनप्रतिनिधियों से संवाद के माध्यम से अभियान की प्रगति पर ध्यान रखा जा रहा है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बीएलओ, अभिहित अधिकारी और फील्ड टीमों को उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए बधाई दी और कहा कि इसी मेहनत के दम पर मुंगेली जिला प्रदेश के शीर्ष स्थान पर पहुंचा है।
