रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिला कबड्डी विश्व कप स्टार खिलाड़ी संजू देवी ने हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी को विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन और छत्तीसगढ़ तथा देश का नाम रोशन करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
संजू देवी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की है। आपकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने में प्रेरक साबित होगी और प्रदेश की बेटियाँ खेल जगत में और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगी।”
मुलाकात के दौरान संजू देवी ने अपनी जीवन यात्रा, संघर्ष और खेल से जुड़े अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। उल्लेखनीय है कि संजू देवी कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की निवासी हैं और उन्हें महिला कबड्डी विश्व कप में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब भी प्राप्त हुआ। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 से 24 नवंबर के मध्य बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित हुआ था।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
