छत्तीसगढ़ के तीन युवाओं ने बनाया कीर्तिमान, 16 दिन में पूरी की कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4,000 KM की साइकिल यात्रा

रायपुर: युवा एवं खेल मंत्रालय और फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित 17 दिवसीय साइक्लिंग एक्सपीडिशन में छत्तीसगढ़ के तीन युवा साइकिलिस्टों ने जबरदस्त हौसला दिखाते हुए कश्मीर से कन्याकुमारी तक लगभग 4,000 किलोमीटर की यात्रा केवल 16 दिन में पूरी कर ली। तय समय से एक दिन पहले लक्ष्य हासिल कर इन युवाओं ने अपनी प्रतिबद्धता और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

यात्रा का उद्देश्य “एक राष्ट्र, एक संकल्प” का संदेश देना था। इस एक्सपीडिशन में शामिल छत्तीसगढ़ के तीन साइकिलिस्ट – स्वर पटेल, संजय कुमार मंगराज और श्रीराम पटेल – जब रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे, तो उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

यात्रा के दौरान चुनौतियां कम नहीं थीं। युवाओं को हर दिन 12-15 घंटे लगातार साइकिल चलानी पड़ी और प्रतिदिन 250-300 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी। कई बार तेज बारिश, ठंड, गर्मी और तेज हवाओं जैसी प्राकृतिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गुजरात नाके पर एक दुर्घटना भी हुई, लेकिन टीम ने अपनी एकजुटता बनाए रखी और एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हुए आखिरकार मंज़िल तक पहुंच गए।

इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ के युवाओं की साहसिक क्षमता और देशभक्ति के प्रति उनके समर्पण को साबित किया है, और आने वाले समय में फिटनेस और एडवेंचर को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।