रायपुर: सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के मामलों में चर्चित हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी और रोहित तोमर के खिलाफ मंगलवार को देवेंद्र नगर थाने में ब्लैकमेलिंग और ठगी का एक और मामला दर्ज किया गया। पिछले 5 माह में यह दोनों भाइयों के खिलाफ आठवां केस है।
शिकायतकर्ता शंकर नगर निवासी संजय चांडक ने बताया कि 8 अगस्त 2021 को वीरेंद्र तोमर अपने परिवार के साथ दुकान पर आया और अपने नए घर के लिए पर्दे, बेडशीट, सोफा कवर सहित अन्य सामान लिया। बाद में वह दोबारा भी आया और कुल 10.50 लाख रुपए का सामान खरीद लिया, लेकिन भुगतान नहीं किया। एक साल तक फोन पर जवाब नहीं मिलने और गुमराह किए जाने के बाद, तोमर बंधुओं ने धमकी देना शुरू कर दिया। डर के कारण चांडक चुप रहा, लेकिन वीरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद अब उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस साल पांच माह में तोमर बंधुओं के खिलाफ मारपीट, वसूली, ब्लैकमेलिंग और सूदखोरी के कुल 8 केस दर्ज हो चुके हैं। तेलीबांधा क्षेत्र में रोहित के खिलाफ मारपीट का भी मामला दर्ज है।
कई गुना ज्यादा वसूला पैसा
-
कारोबारी नरेश सचदेवा ने 2.5 लाख रुपए कर्ज लेकर 20 लाख लौटाए।
-
गोपाल कुमार ने 2 लाख रुपए लेकर 28 लाख लौटाए।
-
हरीश कछवाहा ने 3.5 लाख लेकर 50 लाख लौटाए।
-
जयदीप बैनर्जी ने 16 लाख लेकर 52 लाख चुकाए।
पुलिस अब दोनों भाइयों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।
