रायपुर/दिल्ली। दिल्ली में कुख्यात माओवादी हिड़मा के समर्थन में हुई नारेबाजी के बाद छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र दिल्ली में बैठकर बस्तर की वास्तविक स्थिति नहीं समझ सकते।
विजय शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए प्रदर्शनकारियों को “बच्चा” बताते हुए कहा कि वे जिस बस्तर को खुशहाल बता रहे हैं, वहां कभी गए ही नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर वे बस्तर की स्थिति खुद देखना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने स्टूडेंट्स से अनुरोध किया कि वे एक बार बस्तर आएं और वहां की परिस्थितियों को महसूस करें, इस दौरान गृह मंत्री स्वयं पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बस्तर में सुरक्षा और विकास की स्थिति सुधार की दिशा में है, और दिल्ली से किए जा रहे आरोप वास्तविकता से मेल नहीं खाते। गृह मंत्री का यह संदेश साफ करता है कि राज्य सरकार हिड़मा जैसे माओवादी तत्वों के खिलाफ सख्त और सतत कार्रवाई कर रही है और गलतफहमियों को दूर करने के लिए किसी को मौके पर वास्तविक स्थिति देखने का अवसर देने को तैयार है।
