रायपुर/नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता मंजीत घोसी को दिल्ली पुलिस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात उनके घर से हिरासत में लिया। उन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली ले जाया गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट के कारण गिरफ्तारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंजीत घोसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिहार चुनाव से जुड़े कुछ वीडियो और पोस्ट शेयर किए थे। इन पोस्ट में उन्होंने बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए थे। पुलिस के अनुसार, जिन वीडियो और पोस्ट का इस्तेमाल किया गया, वे कथित रूप से भ्रामक या असंबंधित थे, जिसके चलते अन्य राज्यों में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल तेंदूखेड़ा थाना पहुंचीं और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा,
“देशभर में चुनाव को लेकर हजारों लोग लिख रहे हैं, लेकिन सिर्फ मंजीत घोसी को क्यों उठाया गया? यह कार्रवाई संदिग्ध है। आवश्यकता पड़ने पर हम बड़ा आंदोलन करेंगे।”
पुलिस का बयान
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। एडिशनल एसपी संदीप भूरिया ने बताया,
“मंजीत घोसी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर दिल्ली और राजस्थान पुलिस की टीम उन्हें लेकर गई है। यह एक इंटर-स्टेट केस है और आगे की प्रक्रिया वहीं पूरी होगी।”
परिवार भी स्तब्ध
गिरफ्तारी से मंजीत के परिवार में हड़कंप मचा है। उनके भाई लक्ष्मीकांत घोसी ने कहा,
“हमें कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई। अचानक घर पर पुलिस आई और मेरे भाई को उठा ले गई। हम अभी भी नहीं जानते कि उनकी गलती क्या है।”
