रायपुर/बिहार: बिहार में आज गुरुवार को नीतीश कुमार गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बिहार में एक बार फिर विकास की गंगा बहेगी।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन और विकास दोनों का राज स्थापित होगा। उन्होंने बिहार की जनता को बधाई दी और शुभकामनाएं भी दीं।
बिहार भाजपा चीफ दिलीप जायसवाल ने कहा कि शपथ ग्रहण के मौके पर उत्सव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे और लाखों लोग समारोह में मौजूद रहेंगे। एनडीए के पांचों दलों के कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
गांधी मैदान पहुंच रहे लोगों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, इसलिए वे इस ऐतिहासिक मौके को देखने जा रहे हैं। जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा कि गांधी मैदान अपने आप में ऐतिहासिक स्थल है और नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण का गवाह बनने जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने इसे बिहार के लिए गर्व का दिन बताया। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो रहे हैं, जिनमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह बिहार के विकास का नया रास्ता खोलेगा और एनडीए की ताकत को देशभर में दिखाएगा।
