रायगढ़। शहर के इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन गार्ड रूम में आज दोपहर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलने के तुरंत बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट या हिंसात्मक हमले के निशान नहीं पाए गए हैं। इस आधार पर प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस ने सभी पहलुओं पर गंभीरता से मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
मृतक के संभावित परिजनों और वारिसों का पता लगाने के लिए पुलिस ने स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव को फिलहाल केजीएच के मरच्युरी रूम में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर मृत्यु के कारण का निर्धारण किया जाएगा।
कोतवाली पुलिस ने मृतक के फोटोग्राफ विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप्स में साझा किए हैं और नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को उसकी पहचान हो या परिवार से संबंधित जानकारी हो तो तुरंत संपर्क करें।
एसआई ने बताया कि फिलहाल किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध परिस्थितियों के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृतक की पहचान और मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने कहा कि मामले की त्वरित कार्रवाई और हर संभावित पहलू की जांच प्राथमिकता पर है।
