बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल रमन डेका को सौंपा। मीडिया से फोन पर बातचीत में भारत ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की, लेकिन इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया।
अपने त्यागपत्र में भारत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनके मंत्रिमंडल और वरिष्ठ नौकरशाहों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रफुल्ल भारत को जनवरी 2024 में महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह 2014 से 2018 तक भाजपा सरकार के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत रहे थे।
त्यागपत्र में उन्होंने कहा कि महाधिवक्ता के रूप में उन्हें सहयोगियों और बार एसोसिएशन के सदस्यों का पर्याप्त समर्थन मिला, जिसने उनके कार्यकाल को सफल बनाने में मदद की। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें राज्य के प्रथम कानून अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर मिला।
