सतनामी समाज के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट डालने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

कवर्धा। सतनामी समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने और एक महिला की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर अशोभनीय पोस्ट डालने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से पकड़ से बच रहा था, लेकिन तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पकड़ने में सफलता मिली। मामला तब सामने आया जब ग्राम भिभौरी निवासी महिला ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि मोबाइल नंबर 7058432636 धारक ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी हैक कर समाज विशेष के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट डाल दी। इसके अलावा आरोपी ने महिला के फोटो पर अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्द लिखकर उसे ऑनलाइन अपलोड किया।

पुलिस ने इस गंभीर शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 296, 299, 352 और आईटी एक्ट की धारा 65 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी और लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा की अगुवाई में विशेष टीम बनाई गई।

तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के बाद नागपुर में आरोपी सागर बारा पात्रे (35 वर्ष), निवासी लकड़गंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने महिला की आईडी हैक कर भड़काऊ और अशोभनीय पोस्ट डालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने इस कार्रवाई के बारे में कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग और किसी की निजी जानकारी हैक करना गंभीर अपराध है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट को साझा न करें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

इस कार्रवाई से सतनामी समाज और शिकायतकर्ता महिला को न्याय की उम्मीद मिली, साथ ही सोशल मीडिया पर अपराध रोकने में पुलिस की तत्परता और गंभीरता भी उजागर हुई।