दुर्ग में बम निरोधक दस्ते का ऑपरेशन, लोगों में एक पल के लिए खलबली

दुर्ग: राष्ट्रीय सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर 15 नवंबर को दुर्ग जिले में सघन सुरक्षा और यातायात जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की विशेष टीमें तैनात की गईं। पुलिस ने हाईवे से लेकर शहर के मुख्य मार्गों तक वाहनों की जांच की।

अभियान में 577 चालानी प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा, 18 भारी वाहन और 155 छोटी गाड़ियाँ, कुल 173 वाहन, जो बिना अनुमति या संदिग्ध रूप से खड़े थे, हटाए गए। पुलिस ने अंजोरा से नेहरू नगर, नेहरू नगर से भिलाई-3 और कुम्हारी टोल प्लाजा तक लगातार गश्त कर वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

पुलिस ने बताया कि कई स्थानों पर खड़े वाहन सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर रहे थे। ऐसे वाहनों को हटाकर मार्ग सुचारू किया गया, जिससे आम नागरिकों की यात्रा और भी सुरक्षित बनी।