मुंबई। बॉलीवुड जगत के लिए यह सप्ताह लगातार चिंताजनक खबरें लेकर आ रहा है। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और प्रेम चोपड़ा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अब मशहूर एक्टर गोविंदा को भी अचानक बेहोश होने के बाद जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार रात गोविंदा घर पर अचानक गिर पड़े, जिसके बाद परिवार ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को स्थिर बताया है, लेकिन वे लगातार निगरानी में हैं। 61 वर्षीय अभिनेता की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मीडिया को उनकी हेल्थ अपडेट देते हुए कहा, “पंजाबी कभी हार नहीं मानते, वो जल्द ठीक होकर घर लौटेंगे।”
वहीं, धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब वे घर पर आराम कर रहे हैं। प्रेम चोपड़ा की हालत भी पहले से बेहतर बताई जा रही है।
फिल्म इंडस्ट्री के तीनों दिग्गज सितारों की तबीयत को लेकर फैंस लगातार सोशल मीडिया पर चिंता जता रहे हैं और दुआएं कर रहे हैं कि सभी जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपने प्रशंसकों के बीच लौटें।