मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की — कहा, “ऐसे कायराना हमले हमारे साहस को नहीं तोड़ सकते
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली के लाल किले के समीप कार में हुए विस्फोट की घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली है और निर्दोष लोगों पर इस प्रकार का हमला किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री साय ने इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
साय ने जनता से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कायरतापूर्ण प्रयास देश की एकता और दृढ़ संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा —
“भारत एकजुट है, और ऐसे हमले हमारे हौसले को कभी नहीं तोड़ सकते। हम आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ सख्ती से खड़े हैं।”
मुख्यमंत्री ने इस घटना को राष्ट्रीय एकता पर हमला बताते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के लोग भी देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
