रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद विमानतल, माना कैम्प के पास स्टेट हैंगर के नियमित परिचालन का शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री साय इसी हैंगर से अपने गुजरात प्रवास के लिए रवाना हुए।
स्टेट हैंगर के संचालन से राज्य में विशेष विमान द्वारा वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान की व्यवस्थाएँ अब और अधिक सुगम और व्यवस्थित हो जाएंगी। इस पहल से एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा भी समाप्त हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार, स्टेट हैंगर का निर्माण वर्ष 2012 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। लेकिन नियमित परिचालन के लिए आवश्यक DGCA और BCAS की अनुमतियाँ हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुईं। अनुमतियों के बाद अब हैंगर का नियमित परिचालन आरंभ किया गया है।
नवनिर्मित हैंगर को टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट और भी सुगम होगा। इसके माध्यम से अब राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव में भी सुविधा मिलेगी और एयरपोर्ट परिसर के किराए के स्टेट हैंगर पर निर्भरता समाप्त होगी।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उप सचिव सूरज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
