दिल्ली ने छोड़ी कप्तान मेग लैनिंग, यूपी वॉरियर्ज के पास ऑक्शन में सबसे बड़ा पर्स
नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) की सभी टीमों ने अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। अब टीमें मेगा ऑक्शन की तैयारी में जुटी हैं। भारत की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना अपनी-अपनी टीमों के साथ बनी हुई हैं, जबकि कुछ फ्रेंचाइजियों ने ऑक्शन से पहले हैरान करने वाले फैसले लिए हैं।
दिल्ली और मुंबई ने किए अधिकतम पांच खिलाड़ियों को रिटेन
मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने सबसे ज्यादा पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चार, गुजरात जायंट्स (GG) ने दो, और यूपी वॉरियर्ज़ (UPW) ने केवल एक खिलाड़ी को टीम में बनाए रखा है।
सबसे बड़ा झटका दिल्ली कैपिटल्स का फैसला रहा, जिसने अपनी कप्तान मेग लैनिंग को रिलीज़ कर दिया। लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली ने लगातार दो बार फाइनल में जगह बनाई थी।
यूपी वॉरियर्ज़ और गुजरात जायंट्स ने किए चौंकाने वाले फैसले
यूपी वॉरियर्ज़ ने अपनी स्टार खिलाड़ियों दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और एलिसा हीली को रिलीज़ कर सबको चौंका दिया। वहीं गुजरात जायंट्स ने दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ड्ट को बाहर कर दिया, जिन्होंने हाल ही में वनडे विश्व कप में लगातार दो शतक लगाए थे।
रिटेन खिलाड़ियों की सूची और टीमों के पर्स में बची राशि
-
मुंबई इंडियंस (MI) – रिटेन: हरमनप्रीत कौर, नेट साइवर-ब्रंट, हेले मैथ्यूज आदि।
बची राशि: ₹5.75 करोड़ -
दिल्ली कैपिटल्स (DC) – रिटेन: जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, मैरिज़ेन कप्प, एन्नाबेल सदरलैंड।
बची राशि: ₹5.70 करोड़ -
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) – रिटेन: स्मृति मंधाना, एलिस पैरी, ऋचा घोष आदि।
बची राशि: ₹6.15 करोड़ -
गुजरात जायंट्स (GG) – रिटेन: एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी।
बची राशि: ₹9 करोड़ -
यूपी वॉरियर्ज़ (UPW) – रिटेन: श्वेता सहरावत।
बची राशि: ₹14.50 करोड़
मेगा ऑक्शन में होगी बड़ी बोलियां
प्रत्येक टीम को इस सीजन के लिए ₹15 करोड़ का पर्स दिया गया था। सबसे कम खिलाड़ियों को रिटेन करने के कारण यूपी वॉरियर्ज़ के पास सबसे बड़ा पर्स बचा है। माना जा रहा है कि टीम ऑक्शन में कई बड़े भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों पर जोरदार बोली लगा सकती है।
वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार का ऑक्शन बेहद दिलचस्प रहेगा क्योंकि दिल्ली और यूपी दोनों टीमें अपनी कोर स्ट्रक्चर को नया रूप देने जा रही हैं।
