प्रसव के दौरान पत्नी की मौत के कुछ ही घंटे बाद टूटा पति का दिल, अमेठी में भावुक कर देने वाला मंजर, नम हुईं आंखें
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोकाकुल कर दिया है। जायस कस्बे में रहने वाले एक दंपति की मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया। 22 वर्षीय आकाश और उनकी 20 वर्षीय पत्नी ज्योति की कुछ ही घंटों के अंतराल में मृत्यु हो गई, जिसके बाद दोनों की अर्थी एक साथ उठी। इस भावुक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
पत्नी की मौत, पति का टूटा दिल
मिली जानकारी के अनुसार, ज्योति आठ माह की गर्भवती थीं। मंगलवार दोपहर अचानक उन्हें प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल असईदापुर, गौरीगंज में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर देर रात उन्हें एम्स रायबरेली रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति आकाश पूरी तरह टूट गए। परिवारवालों के अनुसार, वे कुछ बोल नहीं पा रहे थे और गहरे सदमे में चले गए थे। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक उनकी हृदयगति रुकने से मौत हो गई।
एक साल पहले हुई थी शादी
आकाश और ज्योति की शादी को अभी सिर्फ एक साल ही हुआ था। आकाश नगर की एक दुकान पर काम करते थे और अपने परिवार के साथ साधारण जीवन बिता रहे थे। दोनों की मौत की खबर से मोहल्ला निखई और आसपास का इलाका मातम में डूब गया।
एक साथ उठी दोनों की अर्थी
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जायस कस्बे के बाहर दंपति का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर, बसपा जिला अध्यक्ष सुरेश कमल समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
पति-पत्नी की एक साथ उठी अर्थी देखकर हर किसी की आंखें छलक पड़ीं और पूरे क्षेत्र में गम का माहौल फैल गया।
