अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,14 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 14 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश और कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में 5 नवंबर 2025 को की गई।

आबकारी उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू के नेतृत्व में टीम ने ग्राम पंचायत बरपाली में छापा मारकर डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान (उम्र 44 वर्ष) के मकान से सात हरे रंग की प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 14 लीटर अवैध शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामेश्वर राठिया (बरमकेला)हबील खलखो (बिलाईगढ़), मुख्य आरक्षक उमेश, तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की अहम भूमिका रही।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है। क्षेत्र में आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा ताकि अवैध शराब कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।

स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया और प्रशासन के प्रति आभार जताया।